पाकिस्तान में सात साल की लड़की से बलात्कार के बाद हत्या करने के मामले की जम्मू-कश्मीर में चौतरफा निंदा हुई। दोनों शहरों में मासूम को श्रद्धांजलि भेंट करने के लिए कैंडल मार्च निकाला गया। राजनीतिक, धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने जैनब को श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्रीनगर में कैंडल मार्च के दौरान सीरत फातिमा ने कहा कि लड़की होने के नाते उसका दर्द समझती है। सिख यूथ सेवा ट्रस्ट के तजेंद्र पाल सिंह ने कहा कि जिन्होंने अमानवीय घटना को अंजाम दिया, उन्हें फांसी की सजा देनी चाहिए। युवा नेता नदीम अहमद मीर ने कहा पाक सरकार को अपराधियों से सख्ती से पेश आना चाहिए।
उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि वह भी ऐसे मामलों के संदर्भ में ठोस कानून बनाए। फ्री बर्ड्ज प्रोडक्शन के संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक आरिज भट ने इस घटना को निंदनीय बताया। इस दौरान वामिक मलिक, सुमैया फातिमा, मोमीन असलम, हसीब मलिक, सिमरनजीत सिंह, आरजे तारिक, आबिद हाशमी बिलाल नबी, अली भट्टी सहित कई लोग मौजूद रहे।