नौशेरा। वनों की परिधि में रहने वाले लोगों की आजीविका में सुधार लाने के लिए नौशेरा वन प्रभाग ने लोगों के बीच अग्नि जागरुकता के अलावा जीआईएम के तहत आजीविका सुधार कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की। विवेक वर्मा एवं प्रमंडलीय वनाधिकारी नौशेरा नीलिमा शाह को गृहिणियों और जरूरतमंद महिलाओं के लिए आजीविका पैदा करने के उद्देश्य से नारियन में सिलाई का केंद्र स्थापित करने के लिए मशीनें दी गईं। वहीं आजीविका सुधार कार्यक्रम एंड्रोथ गांव में आयोजित किया गया। जहां ग्राम वन समिति एंड्रोथ के लाभार्थियों को लगभग 350 सोलर लाइट दी गई।
वनों की परिधि में रहने वाले गरीब और जरूरतमंद लोगों के विवाह और अन्य कार्यों में उपयोग के लिए अध्यक्ष वीएफसी एंड्रोथ को प्लास्टिक की कुर्सियां भी प्रदान की गईं। सरकारी मिडिल स्कूल एंड्रोथ के छात्रों के लिए एक वाटर कूलर भी स्कूल के प्रिंसिपल को सौंपा गया। इस अवसर पर बोलते हुए डीएफओ नौशेरा नीलिमा शाह ने नौशेरा वन प्रभाग की ओर से शुरू किए गए प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी दी और एंड्रोथ गांव के लोगों को जंगल की आग के खतरे और नियंत्रित करने में स्थानीय समुदायों की भूमिका के बारे में जागरूक किया। रेंज वन अधिकारी सुदेश कुमार ने कहा कि आजीविका सृजन और अग्नि जागरुकता कार्यक्रम में वीएफसी एंड्रोथ ने सभी लाभार्थियों का स्वागत किया है। वन संरक्षक पश्चिम विवेक वर्मा ने जंगल की आग के नकारात्मक प्रभावों के बारे में जानकारी दी।