आतंकी का गढ़ रहे पुंछ जिले की सुरनकोट तहसील के हिलकाका की पहाड़ियों से मंगलवार को पुलिस और सेना ने संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान हथियारों की खेप बरामद की। गणतंत्र दिवस से पहले हथियारों की खेप मिलना बड़ी कामयाबी मानी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सुरनकोट के हिलकाका क्षेत्र के साथ सटे तताकूटी क्षेत्र की एक गुफा में पुलिस को हथियार होने की सूचना मिली थी। डीएसपी सुरनकोट अजय शर्मा की नेतृत्व वाली एसओजी टीम ने सेना की 6 आरआर बटालियन के साथ संयुक्त रूप से तलाशी अभियान छेड़ा।
इस दौरान पुलिस और सेना को एक गुफा से प्लास्टिक की बाल्टी के बीच हथियार मिले। इसमें दो यूबीजीएल, चार चायनीज हैंड ग्रेनेड, 103 पीका राउंड, 51 एके राउंड, एक आइकॉम वायरलेस सेट बैटरी, चार रिमोट कंट्रोल आईईडी, एक लोकल मेड आईईडी शामिल है।
पुलिस ने 5/25आईएए, 3/4 ईएसए के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। उल्लेखनीय है कि आतंकवाद के दौरान हिलकाका की पहाड़ियों पर आतंकवादियों का एक पूरा कैंप सक्रिय था।