सीएम महबूबा मुफ्ती और डिप्टी सीएम निर्मल सिंह
- फोटो : Amar Ujala
राज्य का बजट 30 मई को विधानसभा में प्रस्तुत हो सकता है। मंगलवार को विधानसभा अध्यक्ष कवींद्र गुप्ता ने संसदीय मामलों के मंत्री के साथ बैठक कर विधानसभा सत्र के कैलेंडर पर चर्चा की। हालांकि, अभी मुख्यमंत्री की ओर से कैलेंडर पर अधिकृत मुहर नहीं लग पाई है। बुधवार को कैलेंडर को अंतिम रूप दिया जाएगा।
सूत्रों का कहना है कि बैठक में कई प्रस्तावों पर चर्चा हुई। बजट सत्र को 30 जून तक चलाने पर बात हुई। इसके साथ ही तय किया गया कि सत्र एक ही मीटिंग में चलेगा। शनिवार को अवकाश न दिए जाने पर भी बात हुई। इसके साथ ही रोजे को देखते हुए 14 जुलाई तक बजट सत्र को चलाने पर चर्चा हुई।
बैठक में यह भी चर्चा हुई कि 25 को संयुक्त अधिवेशन में राज्यपाल के अभिभाषण के बाद दो दिनों तक उस पर चर्चा होगी। इसके बाद सोमवार 30 मई को राज्य का बजट पेश किया जाए। विधानसभा अध्यक्ष कवींद्र गुप्ता ने बताया कि संसदीय मंत्री के साथ बजट सत्र के कैलेंडर को लेकर चर्चा हुई है। इसे बुधवार को अंतिम रूप दिया जाएगा।