श्री बुढ्ढा अमरनाथ यात्रा आज से शुरू हो रही है। यात्रा में शुमार होने के लिए पहला जत्था पीएम मोदी के गृह राज्य गुजरात से आएगा। यात्रा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बता दें कि बीते साल यात्रा के लिए पहला जत्था केरल से आया था।
जत्थे की अगुवाई हेम राज करेंगे। जम्मू से विशेष पूजा अर्चना के बाद राजोरी आने वाले यात्रियों का भव्य स्वागत किया जाएगा। तैयारियों के मद्देनजर सभी विभागों को डीसी ने निर्देश देते हुए कहा कि यात्रा को लेकर किसी प्रकार की कोई समस्या पेश नहीं आनी चाहिए।
वहीं, अमरनाथ न्यास समिति के महासचिव युगवीर गुप्ता, विहिप के जिला प्रधान सतपाल शर्मा, बजरंग दल के करण ठाकुर ने डीसी से कहा कि यात्रियों की संख्या के अनुपात में बनाए गए शौचालय कम हैं इसके बाद दस नए शौचालयों का निर्माण किया गया।
सुंदरबनी से कड़े सुरक्षा घेरे में रवाना होगी यात्रा
तैयारियों के तहत यात्रा स्थल पर लगाए जाने वाले स्टाल के लिए सेना ने टेंट लगा दिए हैं। पीडीडी ने पूरे यात्रा ग्राउंड में पर बिजली को चालू कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मेडिकल कैंप स्थापित कर दिया गया है।
लंगर लगाने वालों ने अपना सामान पहुंचा दिया है। पुलिस ने ग्राउंड के चारों तरफ कंटीली तार लगाकर सुरक्षा कड़ी कर दी है। जबकि सेना और पुलिस के जवानों ने यात्रा ग्रांउड में अपनी कमान संभाल ली है। शहर के चप्पे चप्पे पर सुरक्षा: सुंदरबनी पहुंचते ही यात्रा के पहले जत्थे को जिला पुलिस अपनी सुरक्षा देगी। सुंदरबनी से बिंबर गली तक कड़े सुरक्षा घेरे में यात्रा रवाना होगी।
बिंबर गली से पुंछ के मंडी तक पुंछ पुलिस सुरक्षा देगी। सेना की तरफ से भी यात्रा को लेकर जगह जगह अपने जवान तैनात किए गए हैं। करीब 500 सेना और पुलिस के जवानों को यात्रा के लिए तैनात किया गया है।
झंगड़ नौशेरा में मंगला माता के दर्शन
यात्रा का पहला जत्था जम्मू के भगवती नगर के आधार शिविर से सुबह तकरीबन साढे़ चार बजे चलकर पहले अखनूर तथा उसके बाद आठ बजे के करीब सुंदरबनी पहुंचेगा।
यहां पर जलपान करने के पश्चात यह यात्रा वाया सेरी झंगड नौशेरा में मंगला माता से होते हुए दोपहर राजोरी के आधार शिविर में पहुंचेगी। यहां दोपहर का भोजन करने के बाद यात्रा पुंछ के लिए प्रस्थान करेगी।
इस संबंध में बाबा बूढ़ा अमरनाथ यात्रा न्यास के शाम लाल ने बताया के नौ वर्षों से चल रही इस यात्रा में पहली बार वाया सेरी होते हुए झंगड़ नौशेरा में मंगला माता के दर्शन के लिए निकाला जा रहा है, जिससे लोगों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।