जम्मू के एमए स्टेडियम में आगामी 7 दिसंबर को हो रही बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती की रैली को सफल बनाने में पार्टी पदाधिकारी जुट गए हैं। रैली में अधिक संख्या में भीड़ जुटाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। विधानसभा चुनाव में पार्टी जम्मू संभाग की सीटों पर खास ध्यान केंद्रित कर रही है।
पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष तुलसीदास लंगेह का कहना है कि मायावती की रैली को सफल बनाकर बसपा 1996 की तरह इतिहास दोहराने पर काम कर रही है। उस समय बसपा के खाते में भद्रवाह, कठुआ, सांबा और आरएस पुरा सीट आई थी।
एमए स्टेडियम में रैली में भीड़ जुटाने के लिए संभाग स्तर पर पार्टी समर्थकों को बुलाने की तैयारी की जा रही है। राष्ट्रीय अध्यक्ष फिलहाल जम्मू में ही एकमात्र रैली कर रही हैं। हालांकि प्रदेश कमान की ओर से जिला स्तर पर कई रैलियों का प्रस्ताव भेजा गया था।
पार्टी ने जम्मू और कश्मीर में अधिकांश सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे हैं। बसपा ने अपने एजेंडे में जम्मू के साथ हो रहे भेदभाव, बाढ़ त्रासदी में पीड़ितों को उचित मुआवजा दिलाना, ओबीसी आरक्षण लागू करवाने के मुद्दों को प्रमुखता से शामिल किया है।