अंतरराष्ट्रीय सीमा के आरएस पुरा स्थित आक्ट्राय पोस्ट पर पाकिस्तान रेंजर्स और बीएसएफ के अधिकारियोें के बीच फ्लैग मीटिंग हुई और इसमें सीमा पर लगातार हो रही गोलाबारी के मुद्दे पर चर्चा की गई। बैठक में पाक से कर्नल इरफान खान सहित अन्य पांच अधिकारी और बीएसएफ की ओर से पांच कमांडेंट मौजूद थे।
पाकिस्तानी रेंजर्स की ओर से आयोजित फ्लैग मीट में बीएसएफ 78 वाहिनी के हैपी वर्मा, विवेक अग्निहोत्री, अमरवीर सिंह, युवराज दूबे आदि मौजूद रहे। पाकिस्तान की और जीरो लाईन के पास उगा सरकंडा साफ करने के साथ सीमा पार से बेहतर माहौल बनाए जाने पर चर्चा हुई। पाकिस्तान रेंजर्स के ले. कर्नल इरफान खान ने कहा कि उनकी और से संघर्ष विराम का उल्लंघन नहीं किया जाता है।
बीएसएफ अधिकारियाें ने पाकिस्तान की ओर से अरनिया, रामगढ़, आरएस पुरा आदि क्षेत्र गोलाबारी कर भारतीय जवानाें को निशाना बनाए जाने का मुद्दा उठाया। उन्हाेंने कहा कि बीएसएफ कभी पहल नहीं करती। पाकिस्तान की तरफ से लगातार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया जाता है। सुबह 11:30 बजे आरंभ हुई फ्लैग मीट 12:30 बजे संपन्न हुई।