उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के लाडूरा इलाके में एक फिस्फोटक के फटने से एक 13 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। इसके बाद इलाके के लोगों ने जमकर प्रदर्शन किया।
लोगों ने सोपोर-बारामुला राष्ट्रीय राजमार्ग पर धरना देकर कई घंटे तक यातायात को प्रभावित रखा। इलाके में कुछ दिन पहले सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच एक भीषण मुठभेड़ हुई थी जिसमें एक आतंकी को मार गिराया गया था। जबकि एक जवान मुठभेड़ में शहीद भी हुआ था।
मिली जानकारी के अनुसार अचानक विस्फोटक के फटने से लाडूरा का रहने वाला जुनैद अहमद डार(13) की मौके पर ही मौत हो गई। जब वह उस विस्फोटक के साथ अपने घर की छत पर खेल रहा था।
जुनैद दारुल उलूम जाडूरा (धार्मिक स्कूल ) का छात्र था और मुठभेड़ के एक दिन बाद वीरवार को अपने परिवार वालों से मिलने के लिए अपने घर आया था।
अंदेशा यह लगाया जा रहा है कि मुठभेड़ स्थल से उसने वहां से विस्फोटक उठाया होगा और अपने घर खेलने के लिए ले गया होगा। विस्फोटक के फटने से इलाके में अफरा तफरी मच गई।
घटना के तुरंत बाद इलाके के लोगों द्वारा सेना और पुलिस के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया गया। उनका आरोप है कि जवानों द्वारा मुठभेड़ के बाद सही ढंग से इलाके की सफाई नहीं की जाती जिसका नतीजा है कि बाद में बेगुनाह बच्चों की मौत होती है। वहीं सेना के प्रवक्ता के अनुसार मामले की जांच के आदेश जारी किए गए हैं।