रिकार्ड बर्फबारी से कश्मीर को सौगात मिली है। उम्मीद है इन वादियों में बॉलीवुड फिर से आएगा। मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने बर्फ से लकदक गुलमर्ग में स्नो कार्निवल के उद्घाटन समारोह में यह बातें कहीं। समारोह में मौजूद बॉलीवुड अभिनेता और निर्देशक इमरान खान का जिक्र करते हुए महबूबा ने कहा, इमरान ने घाटी में सरगोशियां फिल्म की शूटिंग की है।
इसी तरह से पहलगाम में सलमान खान ने बजरंगी भाईजान की शूटिंग की थी। इस सीजन में जिस तरह से रिकार्ड बर्फबारी हुई है तो कश्मीर में बॉलीवुड की वापसी की उम्मीद की जा सकती है। महबूबा ने कहा, यहां कोई पैसे के लिए हत्या नहीं करता। महिलाओं के साथ अपराध नहीं होता। पूरी दुनिया में महिलाओं के लिए सबसे महफूज कश्मीर है।
ऐसे माहौल में महज अमन की दरकार है, जिसकी बहाली होने पर कश्मीर को अपना इश्तेहार देने की जरूरत नहीं है। बीते वर्ष कश्मीर हिंसा से हुए नुकसान का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, अमन से ही तरक्की और रोजगार की राहें जुड़ी हुई हैं। सरकार अमन बहाली और तरक्की दोनों के लिए काम कर रही है।
पंद्रह दिवसीय स्नो कार्निवल की शुरुआत
गुलमर्ग में आयोजित हो रहा है स्नो फेस्टिवल
- फोटो : File Photo
इससे पूर्व महबूबा ने पंद्रह दिवसीय स्नो कार्निवल की शुरुआत की। सैलानियों की आवभगत के लिए महाराजा पैलेस होटल की नई इमारत का भी उदघाटन किया। पहले ही दिन से स्कीइंग, आईस हॉकी, स्नो स्कल्पचिंग, स्नो मोबाइल रैली, स्नो रगबी और नाइट स्कीइंग के इवेंट शुरू हो गए।
खास बात रही कि गुलमर्ग में आयोजन की रौनक बढ़ाने के लिए बॉलीवुड की हस्तियाें ने भी शिरकत की जिनमें जावेद जाफरी, इमरान खान और इल्यास काजमी शामिल थे।मुख्यमंत्री ने गुलमर्ग में ही शॉपिंग आर्केड, गंडोला बेस स्टेशन पर वेटिंग हॉल का उदघाटन करते हुए कहा, बुनियादी सुविधाओं में इजाफा करने से ही पर्यटन विकास सुनिश्चित होगा।
बर्फ से जुड़े खेल और गतिविधियां हमेशा से सैलानियों को आकर्षित करती रही हैं। उदघाटन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने स्टॉल का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने बर्फ से बनाई गई कलाकृतियों को देखकर कलाकारों की तारीफ की। उल्लेखनीय है कि गुलमर्ग में यह आयोजन 22 जनवरी से शुरू होना था, लेकिन भारी बर्फबारी होने से आयोजन का शेड्यूल बदलना पड़ा था।