सलमान खान की बजरंगी भाईजान की घाटी में शूटिंग के बाद अन्य निर्माता-निर्देशक भी घाटी का रुख करना चाहते हैं। पिछले तीन साल में घाटी में जब तक है जान, यह जवानी है दिवानी, हैदर और पिछले वर्ष फितूर फिल्म की शूटिंग हुई।
वर्तमान में सलमान खान अपनी फिल्म बजरंगी भाईजान की शूटिंग कर रहे हैं। अब कई निर्माता घाटी में फिल्मों की शूटिंग करना चाहते हैं। सूत्रों की मानें तो घाटी के होटल मालिक और पर्यटन विभाग फिल्म कास्ट को पूरी सुविधाएं प्रदान करने के लिए कह रहे हैं। मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद भी कुछ दिन में मुंबई जाने वाले हैं।
जानकारी के अनुसार बॉलीवुड के कई बड़े निर्माता निर्देशकों ने कश्मीर के बड़े होटल मालिकों से बात की है। होटल मालिकों ने भी रुकने के लिए सस्ती व्यवस्था देने की बात कही है। इसके बाद निर्माता फिल्मों की शूटिंग का मूड बना रहे हैं।