अखनूर के हमीरपुर-सिधरा गांव के पास 9 अगस्त को चिनाब नदी में डूबे 30 वर्षीय गजाय सिंह का शव चार दिन बाद बरामद कर लिया गया। हादसे में लापता 35 वर्षीय राकेश सिंह की तलाश अब भी जारी है।
जम्मू में चिनाब नदी में डूबे 30 वर्षीय युवक का शव बुधवार को बरामद कर लिया गया। हादसा चार दिन पहले अखनूर के हमीरपुर-सिधरा गांव के पास हुआ था। हादसे के बाद से उसके एक दोस्त की भी तलाश की जा रही है जिसके नदी में डूबने की आशंका है।
विज्ञापन
अखनूर के खौड़ इलाके के रहने वाले गजाय सिंह और 35 वर्षीय राकेश सिंह 9 अगस्त को चिनाब नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान दोनों गहरे पानी में डूब गए।
रेस्क्यू टीम और प्रशासन की तलाश के बाद बुधवार को गजाय सिंह का शव नदी से बाहर निकाला गया। शव को कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के लिए खौड़ अस्पताल भेज दिया गया है।
वहीं, राकेश सिंह का अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। उसकी तलाश के लिए नदी में सर्च ऑपरेशन जारी है और बचाव दल संभावित स्थानों पर लगातार खोजबीन कर रहे हैं।
अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले घटनास्थल के पास नदी किनारे से एक मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और दोनों युवकों के कपड़े भी बरामद किए गए थे। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।