घगवाल। तहसील राजपुरा के लोगों की समस्याओं की सुनवाई हेतु बुधवार को एक कार्यक्रम के तहत राजपुरा में ब्लॉक दिवस का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता एसडीएम रामकेश शर्मा ने की। ब्लॉक दिवस में सीमावर्ती ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने समस्याओं से एसडीएम को रूबरू कराया।
लोगों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों की छोटी-छोटी समस्याएं होती हैं, लेकिन अधिकारी इनको भी लंबित रख देते हैं, लेकिन उन्हें एसडीएम से उम्मीद है कि उनकी समस्याओं का समाधान अवश्य होगा। सरपंच सुरेश कुमार ने कहा कि राजपुरा पीएचसी बनाया जाए, क्योंकि यह एक सीमावर्ती क्षेत्र है। तहसील में करीब 32 गांव हैं, लेकिन स्वास्थ्य सुविधा के लिए इन लोगों को दूसरे अस्पतालों का रुख करना पड़ता है। तहसील में रिक्त पदों को भरने की मांग भी उठाई। एसडीएम ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों की समस्याओं का समाधान शीघ्र किया जाए।