लोगों में जन जागरूकता के साथ-साथ कोरोना की थर्ड वेव से निपटने के लिए बेहतर प्रबंधन के लिए भाजपा जम्मू-कश्मीर में 21 हजार स्वास्थ्य स्वयंसेवी प्रशिक्षित करेगी। पार्टी मुख्यालय त्रिकुटा नगर में सोमवार को प्रशिक्षण कार्यक्रम का आगाज होगा।
जम्मू में रविवार को पत्रकार वार्ता में भाजपा महासचिव डॉ. देवेंद्र मनेयाल ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र रैना स्वास्थ्य स्वयं सेवियों के प्रशिक्षण का आगाज करेंगे। दिल्ली में हुए राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में जम्मू-कश्मीर से उनके अलावा मुनीश शर्मा, अरविंद गुप्ता, डॉ. फरीदा खान और इशांत महाजन प्रशिक्षण ले चुके हैं।
उन्होंने कहा कि नौ अगस्त को प्रदेश के विभिन्न जिलों से 110 स्वास्थ्य स्वयंसेवी पार्टी मुख्यालय में प्रशिक्षण हासिल करेंगे। जम्मू संभाग के प्रत्येक जिले से चार कार्यकर्ताओं को डॉक्टरों की टीम प्रशिक्षण देगी। इसके बाद मंडल और बूथ स्तर पर कार्यकम होंगे।