फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

'मसर्रत आलम की रिहाई जैसे फैसले बर्दाश्त नहीं'

विज्ञापन
विज्ञापन
अलगाववादी नेता मसर्रत आलम की जेल से रिहाई से भाजपा की प्रतिष्ठा पर उठ रहे सवालों की गंभीरता को समझते हुए रविवार को भाजपा ने पीडीपी को दो टूक शब्दों में कह दिया कि इस तरह के फैसले बर्दाश्त नहीं होंगे। विधायकों और पार्टी नेताओं के साथ करीब दो घंटे लंबी चली बैठक के बाद प्रदेशाध्यक्ष जुगल किशोर शर्मा ने कहा, पार्टी को सत्ता का कोई लालच नहीं है।
विज्ञापन


मसर्रत आलम की रिहाई गंभीर मसला है। मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद को भाजपा के नजरिये से अवगत करवा दिया जाएगा। भाजपा केंद्रीय नेतृत्व को स्थिति की जानकारी दे दी गई है। भविष्य में पीडीपी को कोई एकतरफा फैसला नहीं लेने दिया जाएगा।

मसर्रत आलम की रिहाई से भाजपा की हुई किरकिरी से आनन-फानन में पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस गांधीनगर में प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद अविनाश राय खन्ना की अध्यक्षता में हुई बैठक में पार्टी के विधायकों, सरकार में मंत्रियों और पार्टी नेताओं से घटनाक्रम पर उनकी राय जानी गई।
विज्ञापन


पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बैठक में पार्टी के नेताओं और विधायकों ने मसर्रत आलम की रिहाई पर कड़ा विरोध जताया और कहा कि पीडीपी को उसकी औकात दिखाने का समय आ गया है।

'सीएमपी से अलग है यह फैसला'

बैठक के बाद प्रदेशाध्यक्ष जुगल किशोर शर्मा ने कहा कि न्यूनतम साझा कार्यक्रम से हटकर पीडीपी ने मसर्रत आलम को रिहा करने का फैसला लिया। भाजपा इसको बर्दाश्त नहीं करेगी।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व को रियासत की स्थिति की जानकारी दी गई है और पीडीपी खासतौर से मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद को स्पष्ट तौर पर यह बता दिया जाएगा कि न्यूनतम साझा कार्यक्रम से हटकर फैसले सहन नहीं किए जाएंगे। भाजपा को सत्ता का कोई लालच नहीं है।

बैठक में राज्यसभा सदस्य शमशेर सिंह मन्हास, उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री चंद्र प्रकाश गंगा, सड़क एवं भवन निर्माण राज्य मंत्री सुनील शर्मा, समाज कल्याण मंत्री बाली भगत, शिक्षा राज्य मंत्री प्रिया सेठी, महासचिव एवं विधायक कविंद्र गुप्ता, महासचिव संगठन अशोक कौल, विधायक राजीव जसरोटिया, प्रवक्ता सुनील सेठी, फारूक खान, प्रो. हरि ओम आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन

गृह मंत्री से मिल सकते हैं सांसद

भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद जुगल किशोर शर्मा और राज्यसभा के सांसद एवं राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य शमशेर सिंह मन्हास रविवार शाम को नई दिल्ली रवाना हो गए। पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार दोनों सांसद लोकसभा और राज्यसभा के सत्र में हिस्सा लेने के लिए रवाना हुए हैं।

वह अलगाववादी नेता मसर्रत आलम की पीडीपी की ओर से एकतरफा रिहाई पर प्रदेश में पार्टी नेताओं की राय से केंद्रीय नेतृत्व को भी अवगत करवा सकते हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और गृह मंत्री राजनाथ सिंह से भी प्रदेश से सांसदों की मुलाकात हो सकती हैं और वह उन्हें पीडीपी की ओर से एकतरफा लिए जा रहे फैसलों की जानकारी दे सकते हैं।

राज्यसभा सांसद शमशेर सिंह मन्हास से इस बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि वह दिल्ली जा रहे हैं और राज्यसभा के सत्र में सोमवार को हिस्सा लेंगे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें