- बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई जैसे मुद्दों को भी जोरदार से तरीके से उठाया जाएगा
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। आगामी विधानसभा सत्र में जम्मू जिले के भाजपा विधायक युवाओं को खोखला कर रहे नशे को लेकर आवाज उठाएंगे। विधायकों ने अपने-अपने क्षेत्र के मुद्दों के सवाल तैयार कर लिए हैं। इसमें नशा तस्करी पर सरकार से कई तरह की जानकारी मांगी गई है। साथ ही इस पर प्रभावी कार्रवाई करने की मांग रखी जाएगी।
विधायकों के साथ पुलिस की उच्च स्तरीय बैठक कर नशे के खिलाफ लड़ने की रणनीति बनाने, नशा तस्करी के बैकवर्ड और फारवर्ड लिंक तक पहुंचकर तस्करों पर प्रभावी कार्रवाई करने, विधानसभा में नशा तस्करी पर खुली बहस करने के मामले विधानसभा में उठाए जाने की तैयारी है। विधायकों की ओर से अपने क्षेत्र में बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई जैसे मुद्दों को भी जोरदार से तरीके से उठाया जाएगा। विधायकों ने इसको लेकर जानकारी दी है।
सुचेतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक गारू राम ने कहा कि पुलिस के साथ सभी विधायकाें की उच्च स्तरीय बैठक होनी चाहिए। बिश्नाह क्षेत्र के विधायक राजीव कुमार ने कहा कि नशा तस्कर के बैकवर्ड लिंक तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए पुलिस की विशेष टीम बने। अखनूर क्षेत्र से विधायक मोहन लाल ने कहा कि नशा बड़ा मुद्दा है। इसे जोर शोर से उठाएंगे। मढ़ के विधायक सुरेंद्र कुमार ने कहा कि चौथे पुल के टूटने पर अस्थायी मार्ग बना था। यह मार्ग पुल के दोबारा बनने के बाद भी चल रहा है, जो नशा तस्करी का बड़ा अड्डा है। इसे बंद करने की मांग रखी जाएगी। बाहु क्षेत्र से विधायक विक्रम रंधावा ने कहा कि अगर कोई विधायक नशे को लेकर प्रस्ताव लाता है, उसका पूरा समर्थन करूंगा। जम्मू उत्तर से विधायक शाम लाल ने कहा कि नशा बड़ी चुनौती बन चुका है। इससे निपटने के लिए जोरदार तरीके से आवाज उठाएंगे।