रविंदर रैना का दावा- भाजपा की सरकार बन रही है
विधानसभा चुनाव नतीजों पर जम्मू-कश्मीर भाजपा अध्यक्ष रविंदर रैना ने कहा कि मुझे विश्वास है कि आने वाली आठ अक्तूबर को भाजपा जम्मू-कश्मीर में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरेगी। जम्मू-कश्मीर की अगली सरकार भाजपा की होगी।
भाजपा नेता का दावा- आएगी तो भाजपा ही
एग्जिट पोल पर जम्मू-कश्मीर के पूर्व उपमुख्यमंत्री और भाजपा नेता कविंदर गुप्ता ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि सिर्फ एग्जिट पोल में ही कांग्रेस-एनसी को ये सीटें मिली हैं, लेकिन सही नतीजे आने पर भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरेगी। हमें जम्मू प्रांत में 35 से ज्यादा सीटें और बाकी कश्मीर से मिलने का भरोसा है। कश्मीर में भाजपा की स्थिति बेहतर होगी। समान विचारधारा वाली पार्टियों से बातचीत चल रही है।
एग्जिट पोल पर जम्मू-कश्मीर कांग्रेस प्रमुख का बड़ा आरोप
एग्जिट पोल के रुझानों पर जम्मू-कश्मीर कांग्रेस प्रमुख तारिक हमीद कर्रा ने कहा कि चुनाव पूर्व धांधली पहले ही हो चुकी है। हम कोशिश कर रहे हैं कि ऐसा न हो। आपने यहां एलजी को मनमानी शक्ति दे दी है। यह एक दुस्साहस है जो वे पहले ही कर चुके हैं।
भाजपा नेता अल्ताफ ठाकुर बोले- कोयी सटीक पोल नहीं
श्रीनगर में एग्जिट पोल पर जम्मू-कश्मीर भाजपा नेता अल्ताफ ठाकुर ने कहा कि यह एक एग्जिट पोल है, कोई सटीक पोल नहीं है। भाजपा एग्जिट पोल की भविष्यवाणी से कहीं बेहतर प्रदर्शन करेगी और वह जम्मू-कश्मीर में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरेगी। भाजपा जम्मू-कश्मीर में सरकार बनाएगी। इस बार कश्मीर में भी भाजपा का कमल खिलेगा।