सोहनी महिवाल की अमर प्रेम कहानी के गवाह रहे भारत-पाक के बीच बहने वाले चिनाब दरिया के तट से भाजपा ने शनिवार को वेलेंटाइन डे के खास मौके पर पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान को प्रेम और मैत्री का पैगाम भेजा। अखनूर स्थित चिनाब दरिया में रबड़ की नाव में फूल भरकर और दीपक जलाकर पाकिस्तान की ओर भेजे गए।
साथ ही फूलों की खुशबू की तरह दोनों मुल्कों में मैत्री संबंधों की कामना की। भाजपा के प्रदेश महासचिव (संगठन) अशोक कौल, अखनूर के विधायक राजीव शर्मा, छंब के विधायक डा. कृष्ण लाल, भाजपा नेता डा. द्राक्षा अंद्राबी सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चिनाब तट के किनारे एकत्रित होकर शांति के प्रतीक कबूतरों को आसमान में छोड़े।
कौल ने कहा कि भाजपा में हाल ही में शामिल हुई सोशलिस्टिक डेमोक्रेटिक पार्टी की प्रधान डा. द्राक्षा अंद्राबी पिछले कई सालों से वेलेंटाइन डे को भारत-पाक मैत्री और शांति दिवस के रूप में मनाती आ रही हैं। भाजपा को अंद्राबी का प्रयास बेहतर लगा और पार्टी ने इसमें शामिल होकर पाकिस्तान को दोस्ती का पैगाम भेजा है।
उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के मुताबिक दोस्त बदल सकते हैं मगर पड़ोसी नहीं। ऐसे में पड़ोसी मुल्क को प्रेम दिवस पर दोस्ती का पैगाम भेजा गया है ताकि वहां से आतंकवादी नहीं, बल्कि दोस्ती के पैगाम आएं।