मीरां साहिब। क्षेत्र में पिछले दिनों अघोषित बिजली कटौती के चलते लोगों का जीना मुहाल बना है। मरालिया पंचायत की सरपंच अंजूरानी का कहना है कि बिजली विभाग की ओर से कटौती को लागू किया गया है। हालत यह है कि जिस समय बिजली बहाल होती है। उस समय दो घंटे के भीतर कई बार बिजली बंद होने पर क्षेत्र के लोगों को उमस भरी गर्मी में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा तय की गई कटौती के मुताबिक भी अगर बिजली की आपूर्ति की जाए तो तब भी लोगों को कुछ हद तक राहत मिल सकती है। बार-बार बिजली सेवा ठप होने पर लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पंचायत के पंच मनमोहन कुमार, पंच रूचि डोगरा, पंच नीलम शर्मा, पंच विरेंद्र कुमार का कहना है कि कई बार एक लाइन बंद होने पर विभागीय कर्मियों को सूचित करना पड़ता है। यही नहीं रात के समय लाइन में फाल्ट आने पर इसे ठीक नहीं किया जाता। विभाग के जेई को अवगत कराने पर कोई समाधान नहीं किया जाता। उन्होंने कहा कि हालांकि रात के समय कोई फाल्ट आनेपर एक अतिरिक्त लाइनमैन नियुक्त किया गया है पर फोन करने पर कोइ जवाव नही दिया जाता।
बाजार कमेटी मीरां साहिब के पूर्व प्रधान चौ. जनक राज का कहना है कि एसडीएम द्वारा 15 जुलाई तक सुचारु रूप से लोगों को बिजली आपूर्ति किए जाने के लिए कहा गया था, इसके बावजूद पहले जैसे हालत बने होने पर रात को आराम कर पाना मुश्किल बना होने पर लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि रविवार सुबह मीरां साहिब कस्बे में बिजली की तार टूटने पर लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। राकेश कुमार का कहना है कि जर्जर बिजली की तार होने पर अधिक लोड के चलते टूट रही है। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग कोई अनहोनी न घटे और लोगों को सुचारु रूप से बिजली की आपूर्ति हो सके।
बार-बार ट्रिप होती है बिजली
बाड़ी ब्राह्मणा। विद्युत विभाग उपकरणों के रखरखाव या मरम्मत पर विशेष ध्यान नहीं दे रहा है। यही कारण है कि उपभोक्ताओं को बार-बार ट्रिप हो रही बिजली का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। बाड़ी ब्राह्मणा में डोगरा कालेज रोड पर एक ट्रांसफार्मर लगा हुआ है। इसके पैनल में लगा उपकरण पूरी तरह से फुंक चुका है। विभाग ने इस उपकरण को बदलने की जहमत नहीं उठाई है। बल्कि इसमें तार पर तार लगाकर इसे जोड़ दिया है। अब यह बार-बार ट्रिप करता है। इस मार्ग की बिजली पूरी रात 10-10 मिनट के अंतराल पर ट्रिप होती रहती है। इसके चलते इस मार्ग के सैकड़ों उपभोक्ताओं को बिजली की जबरदस्त किल्लत झेलनी पड़ रही है। उनकी रातें जाग कर कटती हैं। दुर्भाग्य की बात यह है कि विद्युत विभाग के अधिकारी इस ट्रांसफार्मर के पैनल को बदलने की तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। उपभोक्ताओं की बिजली विभाग के अधिकारियों से मांग है कि इस पैनल को जल्द दुरुस्त कराया जाए ताकि यहां की बिजली में सुधार आ सके। संवाद