परगवाल। सीमा क्षेत्र के लोगों को बिजली कटौती से राहत मिलती नहीं दिख रही। हालांकि इससे पहले क्षेत्र के लोग दो तीन बार प्रदर्शन कर नाराजगी जता चुके हैं, लेकिन उसका असर होता हुआ नहीं दिख रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार रात को 33 केवी लाइन में फाल्ट के चलते बंद हुई बिजली बुधवार सुबह करीब 11 बजे बहाल हुई। गर्मी से रात भर हाय तौबा मची रही।
गर्मी से बच्चों और बुजुर्गों का बुरा हाल रहा। स्थानीय निवासी कुलदीप सिंह का कहना था कि अघोषित बिजली कटौती और लो वोल्टेज के चलते वह विभाग से इसकी कई बार नाराजगी जता चुके हैं, लेकिन विभाग हर बार ओवरलोडिंग का बहाना बना लेता है। उनका कहना था कि अगर लाइन ओवरलोड है तो विभाग उसका समाधान क्यों नहीं करता। रमेश सिंह ने कहा कि क्षेत्र में बिजली विभाग हर 2 घंटे के बाद 2 घंटे का कट लगा रहा है। उन 2 घंटे में भी कभी लाइन फाल्ट तो कभी तार टूटने से बिजली बाधित रहती है। उन्होंने विभाग से इसकी तरफ ध्यान देने की मांग की।