पुंछ की सुरनकोट तहसील के एक गांव में भूस्खलन की चपेट में आने से एक मकान ढह गया। इससे चार लोग मलबे में दब गए। तीन लोगों को घायल अवस्था में मलबे से निकाला गया। इलाज के दौरान मां-बेटी की मौत हो गई।
जम्मू संभाग के पुंछ जिले की सुरनकोट तहसील में भूस्खलन की चपेट में आने से एक मकान भरभराकर गिर गया। मलबे में परिवार के चार लोग दब गए। सूचना पर पहुंची सेना की 48 आरआर बटालियन ने स्थानीय लोगों के साथ बचाव एवं तलाशी अभियान चलाया।
विज्ञापन
इस दौरान तीन लोगों को अस्पताल में भेजा गया। अस्पताल में मां-बेटी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। एक घायल का इलाज चल रहा है। मलबे में दबे एक बच्चे की तलाश के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
जानकारी के अनुसार, आज सुबह पुंछ जिले की सुरनकोट तहसील के बफलियाज ब्लॉक के दूर-दराज के गांव दोनाड में भूस्खलन की चपेट में आने से मोहम्मद लतीफ नाम के व्यक्ति का मकान गिर गया। मलबे में मकान में रहने वाले चार लोग मलबे में दब गए।
विज्ञापन
क्षेत्र में तैनात सेना की 48 राष्ट्रीय राइफल के अधिकारियों और जवानों ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान चलाया। इस दौरान तीन लोगों को घायल अवस्था में मलबे से निकालकर सुरनकोट उपजिला अस्पताल पहुंचाया, जबकि मलबे में दबे एक बच्चे की तलाश के लिए कड़ी मशक्कत की गई। घायल बच्चे को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मरने वालों में मोहम्मद लतीफ की पत्नी और बेटी शामिल हैं। मोहम्मद लतीफ और उसके बेटा अस्पताल में भर्ती हैं।