इस सीजन गर्मी कई रिकार्ड तोड़ सकती है। अमूमन ठंडा रहने वाला फरवरी माह इस बार तपिश में गुजरा है। घाटी और जम्मू संभाग के सभी स्थानों पर दिन का पारा सामान्य से 5-11 डिग्री तक ऊपर चल रहा है।
पहाड़ों पर बर्फ लगातार पिघल रही है, जिससे आगामी दिनों में जल संकट हो सकता है। हालांकि, मार्च माह के मौसम पर अभी उम्मीदें टिकी हैं। इस बीच शनिवार को न्यूनतम माइनस 8.4 डिग्री सेल्सियस पारे के साथ लेह सबसे सर्द रहा।
रियासत की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में सन 1940 के बाद दिन के पारे ने 20.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचकर 76 साल पुराने रिकार्ड की बराबरी की थी। उसके बाद से श्रीनगर का दिन का तापमान लगातार सामान्य से 10-11 डिग्री ऊपर चल रहा है।