तैयारी... आठ जिलों में तहसील स्तर पर भी समितियां गठित
मनकोटिया ने कहा कि अभी नौ जिलों में संघर्ष समिति के पदाधिकारियों की आंदोलन के लिए सहमति मिल गई है। जम्मू संभाग के आठ जिलों में उन तहसीलों को भी धरना-प्रदर्शन के लिए चुना गया है जो जिला मुख्यालय से काफी दूर हैं। बात जन-जन तक पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया का पूरा सहारा लिया जाएगा।
विरोध को धार देने के लिए पर्दे के पीछे से बड़े हिंदुत्ववादी पदाधिकारी संभाल रहे कमान
आंदोलन को धार देने के लिए पर्दे के पीछे हिंदुत्ववादी संगठनों के उन चेहरों को शामिल किया गया है जो पूर्व में हो चुके कई आंदोलनों के प्रणेता व अगुवा रहे हैं। इसके पीछे रणनीति है कि जिस तरह हिंदुत्व के प्रतीक कटड़ा जैसे धार्मिक स्थल में बनाए गए मेडिकल काॅलेज में हुआ है, उसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाए।
मजहब नहीं, मेरिट के आधार पर हुआ है प्रवेश : सीएम उमर
एसएमवीडीआईएमए में 50 में से 42 सीटों पर मुस्लिम छात्रों के प्रवेश पर सीएम उमर अब्दुल्ला ने तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा कि संस्थान में मजहब नहीं, मेरिट के आधार पर प्रवेश हुआ है। यहां मजहब के आधार पर विवाद पैदा किया जा रहा है। उन छात्रों की क्या गलती है जिन्होंने मेरिट के आधार पर प्रवेश पाया है। विधानसभा ने जब यूनिवर्सिटी के लिए बिल पास किया था तब उसमें कहीं भी इसका जिक्र नहीं किया कि यहां मजहब के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। अगर मजहबी रंग ही देना है तो स्पष्ट कर दें कि अस्पताल में भी सिर्फ वर्ग विशेष का ही इलाज होगा।
भाजपा और नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा को आड़े हाथ लेते हुए उमर ने कहा कि उन्हें बिल की कॉपी निकाल कर पढ़नी चाहिए। उसमें स्पष्ट जिक्र किया गया है कि प्रवेश सिर्फ मेरिट के आधार पर ही होगा।