अपने वेतन से पेड़ पौधे लगा कर पर्यावरण के संरक्षण का ऐसा जुनून शायद ही कहीं देखने को मिलेगा। राजोरी जिले के सुंदरबनी तहसील में सियोट गांव निवासी शिक्षक रमेश शर्मा पिछले करीब आठ सालों से अपना पूरा वेतन पौधरोपण में लगा देतेे हैं।
रमेश शर्मा ने बताया कि धरती को हराभरा रखने का जुनून उनके सिर पर इस कदर हावी है कि वह हर महीने का पूरा वेतन इसी काम में लगा देते हैं। अब तक जम्मू संभाग के विभिन्न इलाकों के साथ-साथ राजस्थान में भी पौधरोपण कर चुके हैं। स्कूल, कालेज, श्मशान घाट, एलओसी के आसपास, मंदिर, गुरुद्वारे, मस्जिद आदि जगहों पर उन्होंने पौधे लगाए हैं।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2001 से लेकर 2002 तक वह अपने आठ महीने का वेतन पौधरोपण पर खर्च करते थे। वर्ष 2008 में उनकी पत्नी को भी सरकारी नौकरी मिली तो उन्होंने पूरे साल का वेतन अपने जुनून पर खर्च करना शुरू कर दिया। सियोट में ही पांच कनाल भूमि पर अपनी खुद की नर्सरी बना रखी है।
उन्होंने बताया कि वे उन स्थानों पर पेड़ पौधे लगाते हैं जहां पर उनकी देखभाल करने वाले लोग मिल जाएं। उनके इस काम में कृषि विभाग औरसेना भी उनकी मदद कर रही है। उन्होंने बताया कि अब तक वह करीब आठ लाख पौधे लगा चुके हैं, लेकिन देखभाल करने वालों की उपेक्षा के चलते केवल एक लाख पौधे ही बच पाए हैं।
फल, सजावटी पौधे, औषधीय पौधे, छायादार पौधों को वह प्राथमिकता देते हैं। अपने घर के पास बनाई गई नर्सरी की देखभाल करने का काम भी उन्हें स्वयं ही करना पड़ता है। एक सीजन में 20 हजार के करीब पौधे वह अपनी नर्सरी में उगाते हैं फिर उन्हें अन्य स्थानों पर लगा देते हैं। उन्होंने दो लाख पौधे लगाने की प्रतिज्ञा की है। उन्होंने कहा कि यह लक्ष्य पूरा हो जाने के बाद वह सोचेंगे कि आगे क्या करना है।