नगर निगम के खिलाफवर्जी विंग ने मंगलवार को रिहाड़ी की मुख्य सड़क पर स्थित एक कामर्शियल बिल्डिंग को सील कर दिया। बताया जाता है कि उक्त इमारत में जेएंडके कंट्रोल आफ बिल्डिंग आपरेशन एक्ट 1988 के नियमों का पालन नहीं किया गया था। इसी इमारत में बैंक की शाखा है।
निगम की कार्रवाई से बैंक के ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ा और बैंक का कामकाज प्रभावित हुआ। इमारत के सामने व्यस्त व संकीर्ण सड़क होने और वहां हमेशा वाहनों के खड़े होने के कारण अकसर हादसे हो रहे थे।
नगर निगम के ज्वाइंट कमिश्नर (एडमिन) आरएस जम्वाल के अनुसार व्यवसायिक इमारत में पार्किंग नहीं थी। बैंक की शाखा में आने वाले ग्राहक सड़क पर ही वाहन खड़े करते थे। इससे लगातार हादसे हो रहे थे। कुछ हादसों में स्कूली बच्चे भी जख्मी हुए थे।
अवाम की परेशानी और शिकायतों को ध्यान में रखते हुए निगम ने इमारत के मालिक को नोटिस जारी किया था, लेकिन कोई व्यवस्था नहीं की गई। इसी कारण निगम ने कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि इसी रोड पर अन्य कई व्यावसायिक इमारतें हैं, जिन पर कार्रवाई की प्रक्रिया चल रही है।
उधर, बैंक के अधिकारी का कहना था कि निगम की कार्रवाई से शाखा में कामकाज प्रभावित हुआ है। चूंकि मामला निगम और इमारत के मालिक के बीच है, इसलिए वह असहाय हैं। वैसे उनकी कोशिश है कि जल्द बैंक की शाखा का कामकाज शुरू हो जाए।
मंगलवार की सुबह ज्वाइंट कमिश्नर के नेतृत्व में खिलाफवर्जी की टीम मौके पर पहुंची और बैंक खुलने से पहले ही इमारत को सील कर दिया। इस दौरान बैंककर्मी और कुछ ग्राहक भी पहुंच गए, लेकिन उन्हें बाहर ही रुकना पड़ा।