उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा जिले के आरागाम इलाके में रातभर चली मुठभेड़ के बाद सोमवार को सुरक्षाबलों ने एक लश्कर-ए-ताइबा का ए श्रेणी का आतंकी मार गिराया है। मारा गया आतंकी उमर अकबर लोन बारामुला जिले के वस्सन पट्टन का रहने वाला था। उस पर दस लाख रुपये का इनाम था। आतंकी 2018 से सक्रिय था। वह ओजीडब्लयू नेटवर्क चलाता था। साथ ही कई आतंकी वारदातों में शामिल था।
उसके कुछ और साथियों के छिपे होने की आशंका के चलते सुरक्षाबल इलाके में तलाशी अभियान चला रहे हैं।
एक अधिकारी के अनुसार, रविवार देर रात इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना के बाद सेना की 13 राष्ट्रीय राइफल्स, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। जैसे ही टीम संदिग्ध स्थान के पास पहुंची छिपे हुए आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई के बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। जंगल का इलाका होने के कारण रात में अंधेरा का फायदा उठा कर आतंकी फरार न हो जाएं इसलिए रात भर इलाके में सख्त घेराबंदी की गई। अधिकारी ने बताया कि सोमवार तड़के रोशनी होते ही ऑपरेशन फिर शुरू किया गया और आतंकियों के साथ दोबारा संपर्क होने पर कुछ देर तक चली मुठभेड़ में एक दहशतगर्द मारा गया।
दो से तीन आतंकियों की मौजूदगी की थी सूचना
जम्मू-कश्मीर पुलिस के एक उच्च अधिकारी ने बताया कि मारे गए लश्कर आतंकी के बारे में अन्य जानकारियां एकत्र की जा रही हैं। उसके साथियों की तलाश की जा रही है। बता दें कि मुठभेड़ शुरू होने से पहले इलाके में 2-3 आतंकियों के छुपे होने की सूचना मिली थी।
इसी इलाके में घायल हुए थे दो सैन्य कर्मी
इससे पहले 24 अप्रैल को इसी स्थान पर आतंकवाद विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच गोलीबारी में सेना के दो जवान घायल हो गए थे।