सेक्स रैकेट में फंसे बाबा वीरेंद्र देव दीक्षित का जाल जम्मू तक फैला है। बाबा के खिलाफ जम्मू में दबंगई और सेक्स रैकेट चलाने की आशंका का मामला दर्ज हुआ है। बाबा का जम्मू के भगवती नगर में केंद्र चलता है। जिस मकान में यह केंद्र चलता है, उसके मालिक ने यह शिकायत दी है।
शिकायत में बाबा पर किराया न देने और सेक्स रैकेट चलाने की आशंका जताई गई है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। मकान मालिक मुकेश कुमार ने अपनी शिकायत में लिखा है कि पिछले चार साल से उनके घर में बाबा का केंद्र चल रहा है।
बाबा और उसके बीच 11 साल 11 महीनों का प्रति माह एक हजार रुपये किराए पर मकान का रेंट एग्रीमेंट हुआ है। मकान में दो कमरे, शौचालय और बरामदा शामिल है, लेकिन बाबा की ओर से उसे कोई किराया नहीं दिया गया। यहां तक कि उसे घर में भी घुसने नहीं दिया जाता।
उसकी पत्नी को भी बाबा ने बहका कर उसके खिलाफ कर दिया। उनको और उनके बच्चों को घर में घुसने नहीं दिया जाता। अब उसे पता चला कि बाबा का दिल्ली में सेक्स रैकेट चलता है। उसे लगता है कि इसी तरह का रैकेट यहां भी चलता है। यहां युवा लड़के-लड़कियां आती हैं।
बाबा ने रेंट की पावर आफ अटार्नी भी गुपचुप तरीके से आरएस पुरा के सिद्दड़ा सतराइयां की एक महिला के नाम कर रखी है। उसे दिल्ली से 9817332215 नंबर से नवदीप बड्डी के नाम से जान से मारने की धमकी भी मिली है।
वह चाहता है कि उसका घर जल्द खाली कराया जाए, ताकि उनका क्षेत्र इससे मुक्त हो सके। वहीं पुलिस का कहना है कि मकान मालिक का अनुबंध हुआ है। जब तक संबंधित विभाग से उन्हें मकान खाली कराने की सिफारिश नहीं आती, तब तक मकान खाली नहीं कराया जा सकता।