जम्मू-कश्मीर से राज्यसभा के लिए हाल ही में निर्वाचित हुए चारों सदस्यों, जिसमें कांग्रेस के गुलाम नबी आजाद, भाजपा सदस्य शमशेर सिंह मन्हास, पीडीपी के दो सदस्यों मीर मोहम्मद फ्याज और नजीर अहमद लावे ने सोमवार को राज्यसभा के बजट सत्र के पहले दिन सदन के सदस्य के तौर पर शपथ ली।
जम्मू कश्मीर से कांग्रेस नेता एवं राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद पांचवीं बार राज्यसभा में पहुंचने में कामयाब हुए हैं। आजाद का छह साल कार्यकाल इसी महीने खत्म हो रहा था। आठ फरवरी को जम्मू कश्मीर में राज्यसभा चुनाव में आजाद दोबारा राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए।
राज्यसभा के चेयरमैन हामिद अंसारी ने कहा कि जम्मू कश्मीर से राज्यसभा का चुनाव जीते गुलाम नबी आजाद को 16 फरवरी से राज्यसभा में विपक्ष के नेता के तौर पर मान्यता प्रदान की जा रही है।
इस अवसर पर भाजपा सदस्य शमशेर सिंह मन्हास ने डोगरी में शपथ ग्रहण की, जबकि पीडीपी सदस्यों ने अंग्रेजी में राज्यसभा सदस्य के तौर पर शपथ प्राप्त की।