आरएस पुरा। समाज कल्याण विभाग के आईसीडीएस प्रोजेक्ट विभाग की ओर से शुक्रवार को पंचायत राठना में रैली निकाल कर लोगों को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के बारे में जागरूक किया गया। सरपंच शक्ति बाला सहित आंगनबाड़ी वर्कर तथा हेल्पर सहित गांव की महिलाएं भी शामिल हुईं।
सरपंच ने कहा कि केंद्र सरकार की तरफ से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान छेड़ा गया है। इस पर हमें अमल करने की जरूरत है। हमें बेटी को बचाना भी है और पढ़ाना भी है। इस अभियान में हम सबको आगे आकर जोड़ने की जरूरत है, ताकि हमारी बेटियां पढ़ लिख कर आगे बढ़ सकें। समाज की भलाई हेतु कार्य कर सकें। सरपंच ने कहा कि उनका हमेशा से ही यह प्रयास रहा है कि सरकार द्वारा चलाई जा रही सभी योजनाओं को पंचायत स्तर तक लागू किया जाए और लोगों को उनका पूरा लाभ मिल सके। उन्होंने समाज कल्याण विभाग द्वारा इस तरह की रैली आयोजित करने के लिए विभाग की सराहना की और कहा कि इस तरह के कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित होने चाहिए। इस मौके पर सुपरवाइजर रामप्यारी, सुदेश कुमारी राज कुमारी, स्वर्ण लता सहित अन्य महिलाएं भी मौजूद थीं।