ज्यौड़ियां। नशे को समाज से खत्म करने, युवा पीढ़ी को इसकी लत से बचाने और युवाओं को खेलों और शिक्षा की राह पर ले जाने के लिए कृष्णा स्पोर्ट्स क्लब खौड़ की तरफ से अनोखी पहल शुरू की गई है। इसमें क्लब की तरफ से क्षेत्र में मुख्य जगहों और चौराहों पर जगह-जगह होर्डिंग और बैनर लगाकर युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
चौराहों और मुख्य जगहों पर लगे होर्डिंग और बैनर के पास खड़े होकर उसे लोग पढ़ रहे हैं और क्षेत्र में यह चर्चा का विषय बना हुआ है। क्षेत्र के लोग कृष्णा स्पोर्ट्स क्लब की इस पहल की प्रशंसा कर रहे हैं।
कृष्णा स्पोर्ट्स क्लब के चेयरमैन नरेंद्र सिंह भाऊ तथा क्लब के अन्य लोग सीमावर्ती गांवों के घर-घर जाकर युवाओं को नशे आदि से दूर रह कर खेलों और शिक्षा में मन लगाने के लिए जागरूक कर रहे हैं। इसको लेकर गांवों और घरों के बडे़ लोग एक अच्छी पहल का नाम दे रहे हैं।
इस बिषय में पंचापत मट्टू के पूर्व सरपंच राकेश चौधरी ने बताया कि वह शनिवार की दोपहर खौड़ से घर आ रहे थे और मुख्य सड़क पर गांव खौड़ के पास लगी होर्डिंग पर लिखा कुछ लोग पढ़ रहे थे। मैं भी रुक गया, मैंने भी पढ़ा और बहुत अच्छा लगा। जानकारी के अनुसार कृष्णा स्पोर्ट्स क्लब खौड़ के चेयरमैन नरेंद्र सिंह भाऊ की तरफ से शुरू की गई इस पहल को लेकर खौड़ में 15 अगस्त पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में एसडीएम अनिल कुमार ठाकुर की तरफ से नरेंद्र सिंह भाऊ को नवाजा भी जाएगा। उन्होंने बताया कि वह समाज को नशे और इसकी तस्करी से मुक्त करना चाहते हैं। उनहोंने कुछ दिन पहले खौड़ में नशे के खिलाफ एक रैली भी निकाली, जिसको सफल बनाने के लिए मुझे खौड़ के लोगों से काफी सहयोग मिला। हमारी नशे के खिलाफ मुहिम जारी रहेगी।