जम्मू-कश्मीर के अवंतीपोरा जिले के ख्रू इलाके में पाकिस्तान समर्थक संगठन हिज़्ब-उल-मुजाहिदीन से जुड़े एक आतंकी को गिरफ्तार किया है। बता दें कि सूचना के आधार पर अवंतीपोरा पुलिस, सेना 50 आरआर और सीआरपीएफ 185 बीएन ने तलाशी अभियान चलाया था। तलाशी अभियान के दौरान संयुक्त बलों ने ऑर्चर्ड क्षेत्र में कुछ संदिग्ध गतिविधियों को देखा जिसके बाद इलाके की घेराबंदी कर दी गई।
जानकारी के अनुसार इस दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को देखा गया, जो भागने की कोशिश कर रहा था। पुलिस द्वारा उसे मौके पर पकड़ लिया गया। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए व्यक्ति की पहचान हिज़्ब-उल-मुजाहिदीन के सक्रिय आतंकी शाहिद अहमद खांडे, निवासी मंडकपाल, ख्रू के रूप में हुई है। उसके पास से हथियार और गोला बारूद सहित कई आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है।