गत दिनों जिले के मनोहर गोपला क्षेत्र में भाजपा नेता जंगवीर सिंह एवं एक अन्य पर गुज्जर समुदाय के लोगों ने जानलेवा हमला कर दोनाें को घायल कर दिया था। मामले में पुलिस की तरफ से ठोस कदम नहीं उठाने से गुस्साए लोगों ने सोमवार को सांबा बंद रखा। नंदनी में डीसी को एक ज्ञापन भी सौंपा, जहां डीआईजी भी पहुंचे।
बंद के दौरान लोगों ने दिन भर दुकानों सहित अन्य व्यवसाय बंद रखे। इस दौरान लोगों का कहना था कि उनकी तरफ से एक दिन का समय दिया जाएगा, अगर मामले में ठोस कार्रवाई नहीं होती है, तो वह सड़क पर उतर आएंगे। सोमवार को सांबा के वीर भूमि पार्क के पास विभिन्न बिरादरियों के प्रतिनिधि व व्यापार मंडल के सदस्य एकत्रित हुए।
वहां से जुलूस के रूप में वह राष्ट्रीय राजमार्ग के मुख्य चौक पर पहुंचे। उसके पश्चात जिला मुख्यालय नंदिनी गए, जहां डीसी को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर जम्मू-कठुआ रेंज के डीआईजी शकील अहमद बेग भी आए। लोगों ने उनके समक्ष अपनी मांगें रखीं।
राजपूत सभा के प्रधान कैप्टन इंद्र सिंह ने कहा कि शुक्रवार को गुजर समुदाय के लोगों ने भाजपा नेता पर जानलेवा हमला किया था, उन्हें अभी तक गिरफ्तार नहीं किया गया है। लोगों ने मांग की कि इस हमले की जांच स्थानीय चौकी स्तर पर या फिर थाना स्तर पर नहीं की जानी चाहिए, बल्कि इसके लिए सिट (एसआईटी) बनाई जानी चाहिए।
वहीं लोगों ने कहा कि जो कुल्ला जला ह,ै उसकी भी जांच की जानी चाहिए, ताकि पता चल सके कि आखिर कुल्ला किसने जलाया है। वहीं डीआईजी शकील अहमद बेग ने कहा कि पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। सोमवार को एक मुख्य आरोपी को विजयपुर के पास से गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने कहा कि आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। मामले की जांच के लिए दूसरी जगह के अधिकारी को जिम्मा सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि कुल्ले को लगी आग की जांच के लिए पुलिस की टीम गठित की गई है, ताकि पता चल सके कि आग कैसे लगी थी।