नोटबंदी के बाद जम्मू के अधिकतर बैंकों में भले ही नकदी लेने की दिक्कतें खत्म हो रही हैं, लेकिन कई इलाकों में एटीएम में कैश न होने से लोगों को अब भी परेशान होना पड़ रहा है। ज्यादातर एटीएम से दो हजार रुपये के नोट ही निकल पाते हैं, जिसकी वजह से कम पैसे निकलवाने वालों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
वेयर हाउस नेहरू मार्केट जेएंडके बैंक के एटीएम से भी शुक्रवार को दो हजार रुपये के नोट ही निकले। डोगरा चौक स्थित एसबीआई बैंक, टाउन हाल में जेएंडके बैंक के एटीएम में भी पैसा नहीं है। इसके अलावा अन्य बैंकों में पैसे हैं तो वहां पर नोटों की बाध्यता है, जिसकी वजह से लोगों को परेशानियों से जूझना पड़ रहा है।
प्रधानमंत्री के पचास दिन का समय मांगने में से 31 दिन पूरे हो चुके हैं। शादी ब्याह, या किसी अन्य जरूरी काम के लिए बड़ी राशि निकलवाने वालों के लिए अब भी दिक्कतें कम नहीं हुई हैं।
नोटबंदी के बाद लोगों को गुमराह कर निशाना बना रहे ठग
लोगों को निशाना बना रहे हैं ठग
- फोटो : demo pic
नोटबंदी के बाद बैंकों में पहुंच रहे आम लोगों को गुमराह करने के लिए ठग भी सक्रिय हो गए हैं। सैनिक कालोनी में स्टेट बैंक आफ इंडिया की ब्रांच में शुक्रवार को ठगी के तीन मामले हुए। एक मामले में युवक की जेब काट ली गई और दो अन्य मामलों में भी बैंक से करीब पचास हजार रुपये निकाल लिए गए।
पुलिस ने बैंक के एक अस्थायी कर्मचारी को पूछताछ के लिए पकड़ा है। बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे को भी खंगाला जा रहा है। नोटबंदी के कारण बैंक में पूर्व सैनिक व आम लोगों की लंबी कतारें सुबह से लगनी शुरू हो गई थीं। इस बीच एक युवक की पिछली जेब से पर्स उड़ा लिया गया।
युवक नवनीत कुमार ने बताया कि वह दोपहर 12 बजे के करीब बैंक शाखा में पहुंचा। बैंक में चेक से रुपये निकालने थे। उसके पर्स में पहले से सेलरी के करीब दस हजार रुपये के नए नोट थे। चेक से रकम निकालकर जब वह बाहर निकला और पैसा रखने के लिए पर्स निकालना चाहा तो जेब में पर्स नहीं था।
पूर्व सैनिक से हजारों रूपए की ठगी
पूर्व सैनिक से हजारों रूपए की ठगी
- फोटो : Demo Pic.
पूर्व सैनिक जे सिंह बैंक में बैंक में पेंशन लेने आए थे। वहां मौजूद एक व्यक्ति ने उनका फार्म भरा और बताया कि फार्म के साथ आधार कार्ड की कापी भी लगानी है। वे आधार कार्ड की कापी लेकर लौटे तो कुर्सी पर बैठा कर्मचारी मौजूद नहीं था। जे सिंह की तरह ही उनके साथ मौजूद एक अन्य पूर्व सैनिक से भी उस व्यक्ति ने ठगी की।
उन्होंने बताया कि उस समय बैंक मैनेजर छुट्टी पर थे। महिला असिस्टेंट मैनेजर को चार्ज दिया गया था। बैंक में तीन अतिरिक्त महिला कर्मचारी भी थीं। सुरक्षा गार्ड वहां मौजूद नहीं था। पुलिस के अनुसार बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे से अस्थायी कर्मचारी को पकड़ा गया है।
हेराफेरी व रुपये की ठगी की गई है। शनिवार को बैंक खुलने के बाद दोबारा से कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी की फुटेज देखी जा रही है और बैंक कर्मियों से भी पूछताछ की जा रही है।