जल्द ही राज्य के डाकघर एटीएम सुविधा से लैस होने वाले हैं। उम्मीद है कि मार्च 2015 तक प्रमुख डाकघरों में एटीएम की सुविधा मुहैया करवाई जाएगी। तकनीकी दौर में खुद को अपग्रेड करने की राह पर अग्रसर डाक विभाग ने यह कदम उठाया है। भारत के कई हिस्सों में कोर बैंकिंग सुविधा से डाकघर पहले ही संपन्न हैं।
जम्मू कश्मीर में भी अगले वर्ष तक इस सुविधा को लागू करने के लिए काम किया जा रहा है। इस सारी प्रक्रिया के लिये सॉफ्टवेयर बनाने हेतु इनफोसिस कंपनी से बात भी की जा चुकी है। जहां तक बात एटीएम सुविधा की है, तो डाक विभाग अगले वर्ष इस सुविधा को लागू कर सकता है।
इसके लिए एटीएम सबसे पहले कुछ चुनिंदा डाकघरों के परिसरों में ही खोले जाएंगे। सफलता मिलने पर बाकी बैंकों की तरह इन्हें बाद में अलग-अलग जगहों पर भी खोला जा सकता है। सिर्फ यही नहीं, बल्कि बाद में इंटर बैकिंग ट्रांजेक्शन के लिए डाक विभाग बैंकों से बात भी कर सकता है। चीफ पोस्ट मास्टर चंद्र प्रकाश ने बताया कि अगले वर्ष मार्च तक राज्य के चुनिंदा डाकघरों में एटीएम सुविधा शुरू कर दी जाएगी।