बाड़ी ब्राह्मणा। रेलवे स्टेशन कॉलोनी के पास लोगों ने एक चोर को रंगे हाथ पकड़ लिया। मकान मालकिन तमन्ना देवी पत्नी कप्तान सिंह ने बताया कि उसने अपने घर के कुछ कमरे किराए पर दे रखे हैं। किरायेदारों ने उन्हें बताया कि उनके यहां कोई चोर घुस आया है। वे आईं तो देखा कि एक युवक घर के भीतर घुसा है। बाहर से किरायेदारों ने ताला लगा दिया है।
इसके बारे में पुलिस को सूचित किया। पुलिस उसे थाने ले गई। उससे पूछताछ की जा रही है। लोगों ने बताया कि यह युवक इस क्षेत्र में लोगों से मोबाइल बेचने की बात करता था। सोशल मीडिया पर भी मोबाइल के फोटो डालता था। शनिवार को एक युवक ने जब सोशल मीडिया पर उसकी पोस्ट देखी तो उसमें उसने अपना मोबाइल देखा जो चोरी हो गया था। उसने तुरंत उसको फोन लगाया। मोबाइल लेने के लिए कहा और उसे कहा कि तब तक वह वहीं खड़ा रहे। इसी बीच उसने कुछ लोगों से संपर्क किया और उस चोर पर निगरानी रखने के लिए कहा। इतनी देर में चोर घर में चोरी के लिए पहुंच गया। जहां उसे पकड़ लिया गया। चोर की पहचान राजू निवासी मध्य प्रदेश के रूप में हुई। मौजूदा समय वह सरोर अड्डा में रह रहा है।