आरएस पुरा पुलिस ने पकड़े फर्जी नंबर और रजिस्ट्रेशन के वाहन।
आरएस पुरा। पुलिस ने वाहनों को फर्जी नंबर रजिस्ट्रेशन प्रमाणपत्र बनाकर बेचने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस गिरोह के कब्जे से चार वाहन, इलेक्ट्रॉनिक गजेट और विभिन्न आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है।
आरएस पुरा पुलिस के समक्ष एक फर्जी नंबर प्लेट व रजिस्ट्रेशन प्रमाणपत्र का मामला सामने आने पर इसकी जांच करने पर चल रहे इस गोरखधंधे के बारे में पता चला। एसडीपीओ शब्बीर खान की देखरेख में थाना प्रभारी जयपाल शर्मा के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम ने इन जालसाजों द्वारा इस्तेमाल किए गए एक ठिकाने पर छापा मारा और इस गोरखधंधे मेें इस्तेमाल की जा रही नकली सामग्री बरामद की। साथ ही चार आरोपी केवल कृष्ण उर्फ बिल्ला निवासी खाना चक आरएस पुरा, नीरज कुमार निवासी रंगपुर सिद्धडे़, अशोक सिंह निवासी हरि विहार कुंजवानी जम्मू, कुलदीप सिंह निवासी बेरा आरएस पुरा को हिरासत में लिया है। इन सभी के खिलाफ आरएस पुरा थाने में मामला दर्ज किया गया था। गहन पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कुछ और सुराग दिए और उनके खुलासे पर वाहन स्कॉर्पियो, बोलेरो, ब्रीज़ा, ऑल्टो बरामद की गई। पकड़े गए इन वाहनों पर आरोपियों द्वारा फर्जी नंबर प्लेट और रजिस्ट्रेशन प्रमाणपत्र तैयार किए गए थे।
इसके अलावा नकली आर/सी, आई/सी तैयार करने में इस्तेमाल होने वाला एक लैपटॉप, प्रिंटर भी जब्त किया गया। पुलिस भी इस अवैध धंधे के गिरोह पर नकेल कसने के लिए पूरी तरह से काम कर रही है। पूरा ऑपरेशन एसपी मुख्यालय जम्मू रमनीश गुप्ता की देखरेख में किया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।