क्षेत्रके ऐक नाले में पड़े मृत जानवर स्रोत ग्रामीण
- फोटो : udhampur news
अरनिया। क्षेत्र के गांव चक माजरा के पास बहते ऐक नाले में लगातार मृत जानवरों को फेंका जा रहा है। इससे गंभीर दुर्गंध बढ़ने के साथ-साथ बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ गया है।
क्षेत्रवासियों के अनुसार, इस समस्या के कारण छोटे बच्चों और बुजुर्गों को श्वसन संबंधी और संक्रामक रोगों का खतरा लगातार मंडरा रहा है। क्षेत्र के निवासियों ने प्रशासन से कई बार शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि शिकायत के बाद भी नाले में मृत जानवरों को फेंकने का सिलसिला जारी है।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि नाले में मृत जानवरों को फेंकना स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक है। इससे मच्छर, मक्खियां और अन्य रोग फैलाने वाले जीव तेजी से पनप रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह समस्या किसी महामारी का रूप धारण कर सकती है। क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि नाले की तत्काल सफाई करवाई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। ताकि क्षेत्रवासियों को सुरक्षित वातावरण मिल सके।