अरनिया। क्रॉप कट में कृषि विभाग ने फसल की बंपर पैदावार दिखाई है। मगर हकीकत इसके उलट है। किसानों का कहना है कि विभाग ने आंकड़ों में हेराफेरी की है। क्रॉप कट के आंकड़ों को लेकर किसानों ने कृषि विभाग पर बीमा कंपनी को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया है।
बिश्नाह और चक हासल जोन में क्रॉप कट में विभाग ने बासमती की बंपर पैदावार रिकॉर्ड की है। कृषि अधिकारी की देखरेख में दोनों जोन में बासमती की प्रति कनाल डेढ़ क्विंटल से ज्यादा जबकि अरनिया जोन में एक क्विंटल के आसपास प्रति कनाल रिकॉर्ड की गई है।
चक हासल जोन के गांव मझुआ उतमी, कोटला, फतेहगढ़ और मोर्चापुर में क्रॉप कट के दौरान प्रति कनाल बासमती की पैदावार 1.80 क्विंटल रिकॉर्ड की गई है। बिश्नाह जोन के गांव लसवाड़ा और चोरली में क्रॉप कट के दौरान बासमती की पैदावार प्रति कनाल 1.60 क्विंटल रिकॉर्ड की गई है। अरनिया जोन के गांव चंगिया, अरनिया, नानोवाली और रठाना में धान की पैदावार 1.20 क्विंटल के आसपास रिकॉर्ड की गई है। वहीं, दूसरी ओर क्षेत्र के किसान क्रॉप कट के आंकड़ों को लेकर हैरान हैं। किसानों ने कहा कि कृषि विभाग और बीमा कंपनी की मिलीभगत के चलते बंपर पैदावार रिकॉर्ड की गई है। किसानों ने बताया कि बाढ़ आपदा के चलते धान की फसल बर्बाद हो गई है। संवाद