सेना ने जम्मू के सांबा जिले के रंगोर गांव में से बाढ़ प्रभावित 33 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। इनमें महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक सेना को जिले के रामगढ़ क्षेत्र में बसंतर दरिया में बाढ़ आने से कुछ लोगों के इससे प्रभावित होने की सूचना मिली थी।
इस पर सेना का बचाव दस्ता मौके पर पहुंचा और लोगों को बचाकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। उल्लेखनीय है कि बीते कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश से बसंतर का जलस्तर लगातार बढ़ने से खतरे के निशाना से ऊपर पहुंच गया है। इससे दरिया से सटे इलाकों में फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा है।
रविवार को बसंतर में आई बाढ़ से विजयपुर ब्लाक के गांव कमोर में बसंतर का जलस्तर 16 से 18 फीट तक पहुंच गया था। इससे कमोर गांव में हाल ही में सिंच्राइ विभाग द्वारा बनाया गया बांध भी क्षतिग्रस्त हो गया जिससे की कमोर और रंगोर सहित आसपास के कई गांवों में पानी घुस गया।
जलस्तर लगातार बढ़ने से खतरे की आशंका के चलते ब्रिगेड कमांडर की ओर से नागरिक प्रशासन की अपील पर एरियल सर्वे किया गया और हालात का जायजा लिया गया। सेना द्वारा पाखरी, बाड़ी-ब्राहमणा, रामगढ़ और सतवारी में राहत टीमें तैनात की गईं हैं और बाढ़ से प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भी पहुंचाया गया है।