अप्रैल के पहले हफ्ते में हो सकती है बर्फबारी
- फोटो : अमर उजाला
अप्रैल के शुरू में मौसम फिर बदलेगा। मौसम विभाग श्रीनगर की भविष्यवाणी में आगामी 3 से 4 अप्रैल को जम्मू और कश्मीर के अधिकांश मैदानी इलाकों में बारिश के साथ पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी होगी। राज्य में दो अप्रैल से ही मौसम अपना रंग बदलना शुरू कर देगा।
खराब मौसम में जम्मू-श्रीनगर के 300 किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए दिक्कतें बढ़ सकती हैं। पिछले एक हफ्ते से हाईवे क्रमबद्ध तरीके से एकतरफा चल रहा है। मौसम साफ रहने से जम्मू में दिन का पारा तीस डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। राज्य में न्यूनतम माइनस 1.9 डिग्री सेल्सियस पारे के साथ कारगिल सबसे सर्द रहा।
अगले चौबीस घंटों में मौसम साफ रहेगा। मंगलवार को जम्मू से श्रीनगर के लिए एकतरफा वाहनों को छोड़ा गया। रोजाना एकतरफ से चल रहे हाईवे के कारण यात्रियों की दिक्कतें बरकरार हैं।
दोनों ओर से आने वाले यात्रियों को अपनी बारी पर एक दिन का इंतजार करके आगे बढ़ना पड़ रहा है। आगामी दिनों में मौसम खराब होने पर हाईवे दोबारा ठप हो सकता है। उधमपुर के खैरी और रामबन और बनिहाल के बीच कई क्षेत्रों में पहाड़ों से चट्टानें और पत्थर गिरने से हाईवे पर लगातार मार पड़ रही है।
इस बीच रियासत की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में दिन का पारा सामान्य से चार डिग्री अधिक 22.0, श्री अमरनाथ गुफा के बेस कैंप पहलगाम में पांच डिग्री अधिक 19.1, विश्वविख्यात स्कीइंग पर्यटक स्थल गुलमर्ग में दो डिग्री अधिक 8.8, लेह में 15.9, कारगिल में 11.3, श्री माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा में तीन डिग्री अधिक 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।