हाल ही में पाकिस्तान के स्वतंत्रता दिवस पर अलगाववादी नेता द्वारा कश्मीर में झंडा फहराया गया था। अलगाववादियों की ओर से घाटी में इस तरह के समारोह आयोजित करने पर उप मुख्यमंत्री डा. निर्मल सिंह ने कहा कि अलगाववाद की घटनाओं को सरकार कभी भी बर्दाश्त नहीं करेगी।
भाजपा श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित प्रेम नाथ डोगरा की दिखाई राह पर चलने वाली पार्टी है। राज्य में अलगाववाद को बढ़ावा देने वाली दुख्तरान-ए-मिल्लत की अध्यक्ष आशिया अंद्राबी या फिर अन्य अलगाववादियों के विरुद्ध सरकार सख्त कदम उठाएगी। इस मामले में कानून अपना काम करेगा। देश विरोधी कार्य करने वालों को बख्शने के मूड में सरकार नहीं है।
पाकिस्तान की ओर से सीमा पर की जा रही फायरिंग को लेकर उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ओछी हरकतों से बाज आए, वरना उसे मुंह की खानी पडे़गी। भारतीय सेना इस मामले में अपनी कार्यवाही कर रही है। सेना जानती है कि उसे पाकिस्तान से कैसे निपटना है।