पूर्व हिज्ब कमांडर जाकिर मूसा ने सोमवार को एक नया ऑडियो टेप जारी किया। इसमें जाकिर ने कहा कि वह भारतीय सुरक्षाबलों से कश्मीर में अपनी लड़ाई जारी रखेगा। हुर्रियत नेताओं को पूर्व में दी धमकी के मामले पर मूसा ने इस ऑडियो टेप में कहा कि कश्मीर में लड़ रहे सारे आतंकी भारतीय फौज या सुरक्षा एजेंसियों को अपने बीच किसी मतभेद का फायदा नहीं उठाने देंगे।
इस ऑडियो टेप में जाकिर कह रहा है कि सभी मुजाहिद्दीन शर्रियत और शहादत पर यकीन करते हैं। मूसा ने उन आतंकी संगठनों का मजाक भी उड़ाया, जिन्होंने हिज्ब के उससे अलग होने के बाद उसे अपने समर्थन का एलान किया था। वायरल हुए ऑडियो में मूसा ने कहा, मैंने हरकत-उल-मुजाहिद्दीन या कश्मीरी तालिबान जैसे किसी संगठन का नाम नहीं सुना है।
अगर वह पाकिस्तान के हैं तो उन्हें बताना चाहता हूं कि मुझे संयुक्त राष्ट्र-इस्लामी शासन के तहत काम कर रहे संगठनों का समर्थन नहीं चाहिए मेरे लिए अल्लाह पर्याप्त है। पर अगर वह इंटेलिजेंस एजेंसियों के लोग हैं तो उनसे कहना है कि वह हमे बेवकूफ नहीं बना पाएंगे।