अलगाववादी नेता सैयद अली शाह गिलानी द्वारा श्री अमरनाथ यात्रा की अवधि घटाने की वकालत के बाद रियासत सरकार के लिए यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था चुनौती बन गई है।
हांलाकि रियासत सरकार ने गिलानी की दलील को सिरे खारिज कर दिया है लेकिन अलगाववादियों द्वारा खलल डाले जाने की आशंका बरकरार है। इस बाबत मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद ने गवर्नर एनएन वोहरा से मुलाकात कर यात्रा व्यवस्था पर गहन चर्चा की है।
मुबंई, गुजरात और दिल्ली में जम्मू कश्मीर पर्यटन विकास के लिए मुहिम चलाकर लौटे मुफ्ती ने राजभवन जाकर राज्यपाल को इंतजाम की तैयारियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। मुफ्ती ने कहा कि यात्रा का शांतिपूर्ण आयोजन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जीओसी ने गवर्नर को दिया सुरक्षा प्रबंधों का ब्योरा
श्री अमरनाथ यात्रा 2 जुलाई से शुरू होने वाली है। यात्रा 29 अगस्त को समाप्त होगी। पिछले साल लंगर कमेटियों पर हमले हुए थे। कुछ पंडाल में आगजनी भी की गई थी। इस पृष्ठभूमि में सुरक्षा बल और सेना भी इस बार पहले से ही अत्यधिक सतर्कता बरत रही है।
सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा के लिए सेना के 15 कोर के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल सुब्रत साहा ने भी राज्यपाल से भेंट की। एक घंटे तक चली बैठक में सेना अधिकारी ने रियासत की आंतरिक और सीमा की सुरक्षा की विस्तृत जानकारी गवर्नर को दी। उन्होंने श्री अमरनाथ यात्रा के शांतिपूर्ण आयोजन के संबंध में उठाए जा रहे कदमों से राज्यपाल को अवगत करवाया।
नेशनल हाईवे दुरुस्त किया जाएगा
मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद ने इससे पहले दिल्ली में बार्डर रोड आर्गनाइजेशन (बीआरओ) के डायरेक्टर जनरल लेफ्टिनेंट जनरल आरएम मित्तल से भेंट कर नेशनल हाईवे को श्रीअमरनाथ यात्रा से पहले दुरुस्त करने को कहा है।
मुफ्ती ने बीआरओ के अधीन आने वाली सभी सड़कों की मरम्मत को लेकर बातचीत की। उन्होंने श्रीनगर-जम्मू नेशनल हाईवे की बद्तर हालत पर चिंता जताई। इस मार्ग का उपयोग अमरनाथ यात्री के जत्थों की रवानगी में होता है।
यह सड़क घाटी को देश से जोड़ने वाला एकमात्र मार्ग है। मुफ्ती ने इसके मरम्मत प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने को कहा। पर्यटन सीजन आरंभ होने से पहले इस मार्ग को दुरुस्त करना आवश्यक है।
बीआरओ के डीजी ने मुख्यमंत्री को आश्वासन दिया कि नेशनल हाईवे का काम जल्द से जल्द पूरा किया जाएगा। वह स्वयं रियासत का दौरा कर इसका आकलन करेंगे।
इस दौरान मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव बीबी व्यास, पब्लिक वर्क्स के सचिव रोहित कांसल, बीआरओ के डीडीजी आरके शर्मा व अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
पिछले सप्ताह मुफ्ती ने परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मिलकर जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे 1-ए की तत्काल मरम्मत करवाने का आग्रह किया था।