उपराज्यपाल दिखाएंगे हरी झंडी
जम्मू के भगवतीनगर यात्री निवास में सोमवार तड़के चार बजे जत्था रवानगी की फुल ड्रेस रिहर्सल हुई। बुधवार को तड़के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा भोले भक्तों के जत्थे को लेकर जाने वाली बसों को हरी झंडी दिखाकर सुरक्षा काफिले के साथ रवाना करेंगे। पहले जत्थे में जम्मू से पांच हजार से अधिक श्रद्धालुओं के जाने की उम्मीद है। वहीं, साधु-संतों का जत्था भी इसी दिन अलग से रवाना होगा।
जम्मू से पवित्र गुफा तक की सीसीटीवी निगरानी
यात्रा मार्गों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों को लगातार परखा जा रहा है। जम्मू से पवित्र गुफा तक के पूरे मार्ग को सीसीटीवी की निगरानी में लाया गया है। त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा दोनों आधार शिविरों के चारों तरफ है। विस्फोटों की जांच में एक्सपर्ट सीआरपीएफ की टीमें डाग स्क्वाॅयड के साथ तैनात हैं। इसी तरह तीर्थयात्रियों की आवाजाही के लिए दक्षिण कश्मीर में 1100 वाहनों का बेड़ा तैनात गया है।
तत्काल रजिस्ट्रेशन के लिए यहां आएं
तत्काल रजिस्ट्रेशन के लिए जम्मू में कुल पांच केंद्र बनाए गए हैं। इनमें एक केंद्र रेलवे स्टेशन के पास वैष्णवी धाम, दूसरा केंद्र पंचायत भवन और तीसरा केंद्र शालामार रोड स्थित महाजन हाॅल में बनाया गया है। वहीं, साधु संतों के पंजीकरण के लिए पुरानी मंडी स्थित श्री राम मंदिर और परेड स्थित गीता भवन में केंद्र बनाए गए हैं। इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम यात्री निवास भगवतीनगर में ही बनाया गया है। इसके अलावा डीसी जम्मू कार्यालय से भी एक नियंत्रण कक्ष काम करेगा।
यह भी पढ़ें: J&K: आरिब कई बार कर चुका है रेकी, घुसपैठ भी कराई; जैश के चार आतंकियों के साथ POK से भेजा गया था गाइड