श्री अमरनाथ यात्रा को लेकर सुरक्षा एजेंसियां अभी से चौकस हो गई हैं। सुरक्षा बंदोबस्त पुख्ता करने में जुट गई हैं। आईजी सीआरपीएफ जम्मू पीएस रनपिस का कहना है कि सभी यूनिटों को तैयार रहने के निर्देश दे दिए गए हैं, क्योंकि यात्रा के दौरान आतंकी गड़बड़ी कर सकते हैं।
आईजी ने कहा कि पिछले साल कोरोना महामारी के चलते अमरनाथ यात्रा रद्द करनी पड़ी थी। इस साल यात्रा में भारी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। इसी के चलते सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं, ताकि यात्रा सफल हो सके।
प्रशासन और पुलिस से मिलकर भी इस संबंध में बात कर ली गई है। कैंपों में जरूरत के हिसाब से कर्मियों की संख्या भी बढ़ाई जा सकती है। हालांकि कितने कर्मी तैनात होंगे, इसका फैसला सरकार से बैठक के बाद लिया जाएगा। लखनपुर से लेकर अमरनाथ तक क्यूआरटी वाहन तैनात रहेंगे। जिस तरह से पिछले कुछ समय में घटनाएं हुई हैं, उनको ध्यान में रखते हुए यात्रा में तैनात कर्मियों को ट्रेनिंग भी दी जाएगी, क्योंकि जम्मू में स्टीकी बम मिलना एक बड़ी चुनौती है और इसे सीआरपीएफ भी एक बड़ी चुनौती मानती है।
यह भी पढ़ें- अमरनाथ यात्रा 2021: पहली बार भक्तों को मिलेगी ये सेवा... वो भी मुफ्त, पढ़ें हर जानकारी
यह सुरक्षाबलों और आम नागरिकों को निशाना बनाने का आसान तरीका है। उन्होंने कहा कि सीआरपीएफ के काफिले को लेकर भी एहतियात बरता जाएगा। बेवजह कहीं पर नहीं रोका जाएगा और कोशिश होगी कि आम नागिरकों से कम संपर्क हो।