हिजबुल मुजाहिदीन के टॉप कमांडर रियाज नायकू ने मंगलवार को दावा किया कि अमरनाथ यात्रा पर आने वाले श्रद्धालु उनके मेहमान हैं। यात्रा हमारे निशाने पर नहीं है। यात्री यहां अपने धार्मिक अनुष्ठानों के लिए पहुंचते हैं और वह हमारे मेहमान हैं। यह दावा नायकू ने आडियो संदेश जारी कर किया है। यह आडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
नायकू ने आडियो में कहा है कि हाल ही में पुलिस महानिदेशक डा. एसपी वैद ने कहा था कि आतंकी अमरनाथ यात्रा को निशाना बनाने की योजना बना रहे हैं, जो पूरी तरह से बेबुनियाद है। हमने कभी भी यात्रा पर हमला नहीं किया है। हमारी यात्रियों के साथ कोई लड़ाई नहीं है, हमारी लड़ाई केवल उनके साथ है जो कश्मीर में हमें दबा रहे हैं। हम उनके साथ अपनी जंग लड़ रहे हैं जिन्होंने हमें बंदूक उठाने पर मजबूर किया है। हम यह हक की लड़ाई हिंदुस्तान के खिलाफ लड़ रहे हैं न कि हिंदुस्तानी लोगों के खिलाफ । आडियो में उसने बिना किसी झिझक और सुरक्षा के यात्रियों से आने की अपील करते हुए कहा है कि यहां उन्हें किसी प्रकार का खतरा नहीं है।
कश्मीरी पंडित लौटें, पर अलग कालोनी की मांग न करें
आडियो में उसने एक बार फिर कहा है कि हम चाहते हैं कि कश्मीरी पंडित वापस लौटें लेकिन वह इसके लिए अलग कालोनियों की मांग करेंगे तो ऐसा कभी होने नहीं दिया जाएगा। जो अपने पुराने घरों में लौटना चाहते हैं तो हम उन्हें अपनी जमीन भी देने के लिए तैयार हैं। जो अलग रहेगा वह हमारे हाथों नहीं बचेगा।