जम्मू। अमरनाथ यात्रा शुरू होने के साथ ही जम्मू सहित आधार शिविर भगवती नगर बाबा बर्फानी की भक्ति में डूबा हुआ है। सुबह-शाम हो रही आरती के साथ ही बाबा बर्फानी के भजनों और भक्तों के जयकारों से माहौल भक्तिमय बन गया है। पंजीकरण के बाद रोजाना करीब दो हजार भक्तों को प्रवेश मिल रहा है। यात्रा को लेकर भक्तों में काफी उत्साह है।
वैष्णवी धाम, राम मंदिर और महाजन सभा में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु तत्काल पंजीकरण के लिए पहुंच रहे हैं। बिहार के पटना से आए श्रद्धालु संतोष कुमार ने बताया कि वह सातवीं बार यात्रा कर रहे हैं। अगर कोविड के चलते दो साल यात्रा बाधित नहीं होती तो दसवीं बार यात्रा का संकल्प पूरा करने के करीब होता। सात साल में अमरानाथ यात्रा में बड़ा बदलाव हुआ है। सुविधाओं में काफी वृद्धि हुई है। आधार शिविर से लेकर पवित्र गुफा तक बहुत कुछ बदल गया है।
प्रबंध काफी अच्छे हैं
पटना से आए यात्री रवि ने बताया कि पहली बार यात्रा पर आया हूं। अमरनाथ यात्रियों के लिए किए प्रबंध काफी अच्छे है। वैष्णवी धाम से लेकर आधार शिविर भगवती नगर तक पहुंचने में किसी भी तरह की कोई परेशानी नहीं है।
अभी तक का अनुभव अच्छा है
कोलकाता से आए अभिषेक नाथ ने बताया कि पहली बार यात्रा पर आया हूं। पहलगाम से यात्रा करने जाना है। अभी तक का अनुभव काफी अच्छा रहा है और बाबा बर्फानी का आशीर्वाद रहा तो आगे का अनुभव भी अच्छा रहेगा।