जम्मू। शहर भोले के रंग में रंगने लगा है। अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले साधु, साध्वी जम्मू पहुंच रहे हैं। पुरानी मंडी स्थित राम मंदिर में बड़ी संख्या में अमरनाथ यात्री पहुंचे हैं। मंदिर परिसर में भोले के जयघोष गूंज रहे हैं। 28 जून से यहां तत्काल पंजीकरण की व्यवस्था भी शुरू हो रही है।
असम से आए महंत राज गिरी ने कहा कि वह बाबा बर्फानी के दर्शन करने आए हैं। उन्होंने कहा कि धर्म एकता का भाव सिखता है। इंदौर से आए साधू सूरज खूरिया ने कहा कि दो सप्ताह पहले जम्मू पहुंचे। उन्होंने कहा कि आतंकियों का कोई डर नहीं है। पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी से पहुंची साध्वी सपना दास ने कहा कि दो साल से यात्रा कर रही हैं।
बाबा से पूरी प्रार्थना करुंगी की निर्दोष लोगों को मारने वाले आतंकियों को बुद्धि दें। राजस्थान से आए महंत राम गिरी राजश्री नागा ने कहा कि पहली बार दर्शन के लिए आए हैं। राम मंदिर और जम्मू शहर में सुरक्षा पुख्ता है। उत्तर प्रदेश से आए शेरगिरी महाराज ने कहा कि पहले जत्थे में बाबा के दर्शन करने जाएंगे। राम मंदिर के महंत रामेश्वर दास ने कहा कि मदिर में चार हजार साधु-साध्वी के रुकने की व्यवस्था है। हर तरह की सुविधा है। इनकी सुविधा के लिए टीमें बनाई हैं। उन्होंने कहा कि अमरनाथ यात्रा हिंदू-मुस्लिम एकता की निशानी है।