जम्मू। कश्मीर संभाग के विभिन्न विभागों में पीएम पैकेज के तहत नियुक्त कश्मीरी पंडित कर्मचारियों ने शनिवार को प्रेस क्लब के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने कश्मीर में स्थिति सामान्य नहीं होने तक उनकी तैनाती जम्मू संभाग में करने की मांग की। कर्मचारियों ने कहा कि कश्मीर हम सुरक्षित नहीं हैं और वहां जान जोखिम में डालकर सेवाएं नहीं दे सकते।
आल माइग्रेंट इंप्लाइज एसोसिएशन कश्मीर के बैनर तले कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान आरके भट ने कहा कि पीएम पैकेज के तहत चार हजार कश्मीरी पंडित कर्मचारी घाटी के विभिन्न जिलों में कार्यरत हैं। हम पिछले 40 दिनों से प्रदर्शन कर रहे हैं। सरकार हमारी मांगों को अनदेखा कर रही है।
घाटी में सुरक्षित माहौल नहीं बनने तक हमारा तबादला जम्मू संभाग में किया जाए। घाटी में हमें बंदी बनाकर रखा गया है। घाटी में कश्मीरी पंडितों को लक्षित कर हत्या की जा रही है। कर्मचारियों ने कहा जब तक सरकार हमारी मांगें पूरी नहीं करेगी, हमारा संघर्ष जारी रहेगा। कश्मीरी पंडित सिर्फ कश्मीर में सेवा देने के लिए नहीं है। इस दौरान संशांत ने कहा कि सरकार की तरफ से हमें आश्वासन नहीं मिला है।
सामाजिक संगठनों का मिल रहा समर्थन
जम्मू। ऑल जम्मू बेस्ड रिजर्व्ड कैटेगरी इंप्लाइज एसोसिएशन कश्मीर के बैनर तले कर्मचारियों ने 25वें दिन भी प्रदर्शन जारी रखा। कर्मचारियों ने शनिवार केे आंबेडकर चौक में प्रदर्शन किया। इस दौरान मौजूद कश्मीरी ने प्रदर्शन कर सरकार से उनके लिए तबादला नीति बनने की मांग की। कर्मचारियों ने कहा कि कश्मीर में हम सुरक्षित नहीं है। हालात सामान्य होने तक सरकार हमारी तैनाती जम्मू संभाग में हमारे गृह जिलों में करवाए। इस दौरान कर्मचारियों को सामाजिक संगठनों का भी समर्थन मिल रहा है। शनिवार को ऑल जेएंडके श्री रविदास सभा के अध्यक्ष पीरन दित्ता ने कर्मचारियों से मुलाकात कर उनकी मांगों का समर्थन किया।