संवाद न्यूज एजेंसी
अरनिया। क्षेत्र के गांव रठाना में पति-पत्नी के झगड़े के बाद पत्नी ने मंगलवार को ननद और पति पर जहर खिलाकर मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। अस्पताल में महिला रिंपी कुमारी पत्नी शिशुपाल ने बयान दिया कि उसकी ननद और पति ने मिलकर उसे जहरीला पदार्थ खिलाया है। डॉक्टरों ने महिला का उपचार कर उसे बचा लिया, और देर शाम को पति-पत्नी दोनों अरनिया थाने में पहुंच गए।
पुलिस द्वारा हस्तक्षेप करने पर पता चला कि अक्सर पति-पत्नी के बीच झगड़ा होता रहता था। सोमवार रात को भी रिंपी ने पुलिस को फोन पर सूचित किया था कि उसका पति उससे झगड़ा कर रहा है। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को समझाया। लेकिन, सुबह पता चला कि मामला जहर खाने तक पहुंच गया है। डॉक्टरों ने बताया कि कोई ज्यादा जहरीला पदार्थ नहीं है, इसलिए समय रहते उपचार कर महिला को बचा लिया है। पुलिस ने बुधवार को दोनों पति-पत्नी को थाने बुलाया है। थाना प्रभारी अरनिया दीपक कटोच ने बताया कि शाम को रिंपी कुमारी और उसका पति थाने में आए थे। इस मुद्दे पर कड़ा संज्ञान लेने के लिए दोनों को थाने में बुलाया गया था। दोनों को बुधवार को दोबारा बुलाया गया है। उसके बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।