जम्मू। कोरोना संक्रमण की दर तथा सक्रिय मामलों को देखते हुए जम्मू-कश्मीर के सभी जिले फिलहाल ग्रीन जोन में रहेंगे। उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने कोरोना की तीसरी लहर से बचने के लिए भीड़भाड़ वाले इलाकों तथा कार्यस्थल पर कोरोना प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन कराने की हिदायत दी है ताकि संक्रमण की रफ्तार तेज न हो।
कोविड टास्क फोर्स तथा सभी जिलों के डीसी-एसएसपी के साथ बैठक में उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में कोरोना जांच बढ़ाने तथा कोरोना मरीजों की पहचान की रफ्तार बढ़ाने की जरूरत है। भविष्य की स्वास्थ्य चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक टीकाकरण किया जाए। स्थिति की लगातार समीक्षा तथा कोरोना प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन किया जाए। कहा कि प्रभावी नियंत्रण तथा सर्विलांस उपायों से दूसरी लहर की तीव्रता को काफी हद तक रोकने में मदद मिली है। सक्रिय मामलों में कमी को हर हाल में बनाए रखना है। जिन इलाकों में मरीज पाए जाएं वहां प्राथमिकता के आधार पर संक्रमण को फैलने से रोकने के उपाय किए जाएं।
उप राज्यपाल ने 18 से 44 आयु वर्ग में टीकाकरण की गति बढ़ाने तथा कंटेनमेंट जोन का सीमांकन प्रभावी तरीके से करने के निर्देश दिए। कहा कि कोरोना के चेन को तोड़ने के लिए बेहतर भीड़ प्रबंधन काफी प्रभावी साबित हुआ है। इस वजह से नागरिक तथा पुलिस प्रशासन भीड़भाड़ वाले इलाकों तथा कार्य स्थलों पर कोरोना प्रोटोकॉल का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराएं।
तीसरी लहर को रोकने में सुझाव मांगे
उप राज्यपाल ने मंडलायुक्त, एडीजीपी जम्मू, आईजी कश्मीर, सभी डीसी व एसएसपी से तीसरी लहर को रोकने के संबंध में सुझाव मांगे। उन्होंने कहा कि टेस्टिंग तथा ट्रेसिंग से तीसरी लहर को रोका जा सकता है। इस दौरान अतिरिक्त मुख्य सचिव अटल डुल्लू ने जिलावार कोरोना की स्थिति का ब्योरा दिया। इसमें सक्रिय मामलों, संक्रमण की दर, टीकाकरण, सर्विलांस तथा कांटैक्ट ट्रेसिंग शामिल है।